बरेली। तीन तलाक का मामला सामने आया है। युवक ने दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर अपनी पत्नी को रिश्तेदारों के सामने तीन तलाक दे दिया। बाद में दोबारा साथ रखने के लिए बड़े भाई से हलाला करने के लिए पत्नी पर दबाव बनाने लगा। पीड़ित पत्नी की ओर से इज्जतनगर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। भोजीपुरा थाना क्षेत्र के अभयपुर निवासी महिला की शादी इज्जतनगर थाने के एक गांव में हुई थी। आरोप है कि शादी के बाद पति, जेठ और जेठानी दहेज के लिए महिला को प्रताड़ित करने लगे। तीन लाख रुपये दहेज में मांगने लगे। दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर पति ने तेजाब डालने की धमकी दी।
विवाहिता ने आरोप लगाया कि पति ने उसे घर से निकाल दिया। इसके बाद वह अपने मायके चली गई। एक दिन पति ने वहां जाकर रिश्तेदारों के सामने पत्नी को तीन तलाक दे दिया। इसके बाद पति अपनी पत्नी को रखने से पहले बड़े भाई से हलाला करने का दबाव बनाने लगा। आरोपी पति पत्नी को तमंचे के फोटो भेजकर जान से मारने की धमकी दे रहा है। पत्नी ने पति के साथ रहने से इनकार किया है। उसने निकाह में दिया गया अपना सामान वापस दिलवाने की मांग की है। एसएसपी के आदेश पर थाना इज्जतनगर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज जांच शुरू कर दी है।







