मेरठ। मेडिकल कॉलेज में वार्ड आया की नौकरी दिलाने के नाम पर दो आरोपियों ने महिला से डेढ़ लाख रुपये ठग लिए। पीड़िता को जब ठगी का अहसास हुआ तो उसने रकम वापस मांगी। इस दौरान आरोपियों ने महिला को होटल में बुलाकर दुष्कर्म किया। मंगलवार को पीड़िता ने एसएसपी दफ्तर पहुंच कर कार्रवाई की मांग की। सरूरपुर के एक गांव की रहने वाली महिला ने बताया कि वह मेहनत मजदूरी कर बच्चों का पालन पोषण कर रही थी। दो माह पहले एक युवक ने उसे मेडिकल कॉलेज में वार्ड आया की नौकरी का लालच देकर अपने दोस्त से मिलाया।
इसके बाद दोनों ने पीड़ित महिला से नौकरी दिलाने के नाम पर डेढ़ लाख रुपये ठग लिए। पीड़िता का आरोप है कि जब उसे इस बात का अहसास हुआ तो उसने आरोपियों से रकम वापस मांगी। आरोपियों ने रुपये देने के नाम पर उसे एक होटल में बुलाया और वहां दुष्कर्म किया। एसएसपी रोहित सिंह सजवाण ने मामले की जांच कराकर कार्रवाई का आश्वासन दिया।







