फिरोजाबाद- फिरोजाबाद जिले के अरांव थाना क्षेत्र के बामई गांव में 26 वर्षीय महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत की सूचना से हड़कंप मच गया। रविवार सुबह जब परिवार और पड़ोसियों को इसकी जानकारी मिली तो मौके पर भीड़ लग गई।
मृतका शालिनी की शादी करीब छह वर्ष पहले विकास नामक युवक से हुई थी। युवती अपने पीछे एक छोटी बच्ची छोड़ गई है। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मायके पक्ष ने पुलिस को दिए शिकायती पत्र में आरोप लगाया है कि दंपती के बीच आए दिन विवाद होते थे, और इसी तनाव के बीच शालिनी की मौत हुई है। परिवार का कहना है कि मृत्यु से पहले शालिनी की तबीयत अचानक बिगड़ी थी।
फिलहाल, पुलिस ने पति विकास और अन्य ससुरालीजनों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। थाना प्रभारी अरांव का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वजह स्पष्ट होगी। पुलिस फरार आरोपितों की तलाश में दबिश दे रही है और मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।







