घर के बाहर मिली पर्ची, गैंगस्टर लिंक की आशंका
चंडीगढ़। शहर में लगातार सामने आ रही फायरिंग की घटनाओं ने कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। ताजा मामला सेक्टर-21 का है, जहां देर रात अज्ञात बदमाशों ने एक नामी बिल्डर के आवास को निशाना बनाते हुए गोलियां चलाईं। हैरानी की बात यह रही कि घटना की जानकारी पुलिस को कई घंटे बाद मिली, जिसके बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
पुलिस के अनुसार, वारदात वीरवार देर रात की है। हमलावर फायरिंग के बाद मौके से फरार हो गए। घटना स्थल से एक पर्ची भी बरामद हुई है, जिसके आधार पर पुलिस इसे गैंगस्टर नेटवर्क से जुड़ा मामला मान रही है। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि यह फायरिंग बिल्डर से रंगदारी वसूलने के इरादे से की गई है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और सबूत जुटाए। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही हमलावरों को पकड़ लिया जाएगा।
लगातार हो रही फायरिंग की घटनाओं से शहर के लोगों में डर का माहौल है, वहीं पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे हैं। फिलहाल पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच तेज कर दी है।







