बाइक सवार तीन बदमाशों ने चलाई गोलियां, पोस्टर चिपकाकर फरार
हरियाणा। हिसार जिले के गांव सिंघवा खास में सोमवार शाम शराब ठेके पर हुई फायरिंग से इलाके में सनसनी फैल गई। बाइक सवार तीन बदमाशों ने ठेके पर ताबड़तोड़ गोलियां चलाईं और मौके पर जय श्रीराम लिखा पोस्टर चिपकाकर फरार हो गए। अचानक हुई इस घटना से ग्राहकों और कर्मचारियों में भगदड़ मच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शाम करीब सात बजे तीन युवक बाइक पर आए और ठेके पर पहुंचते ही तीन से चार राउंड फायर कर दिए। कुछ दूरी पर भी दो गोलियां चलाकर वे मदनहेड़ी गांव की तरफ भाग निकले। गोलीबारी के दौरान मौके पर मौजूद लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर छिपने लगे।
ठेका वरुणि वाइन कंपनी के नाम से आवंटित है, जिसकी देखरेख गांव मुंढाल खुर्द निवासी कपिल और सोमवीर करते हैं। घटना की जानकारी मिलते ही बास थाना पुलिस और नारनौंद सीआईए की टीमें मौके पर पहुंचीं और आसपास के क्षेत्र की नाकाबंदी कर दी।
पुलिस ने घटनास्थल की जांच कर सीसीटीवी फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। अधिकारियों के मुताबिक, ठेके पर लगाए गए पोस्टर और हमले के पीछे की मंशा की गहनता से जांच की जा रही है।
जांच अधिकारी मनदीप चहल ने बताया कि आरोपियों की तलाश के लिए कई टीमों का गठन किया गया है, जिसमें हांसी और नारनौंद की सीआईए टीमें, बास थाना पुलिस, सोरखी पुलिस चौकी और साइबर यूनिट शामिल हैं। जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा।







