शाहजहांपुर। जलालाबाद क्षेत्र में जमीन को लेकर हुए विवाद में पिता-पुत्रों ने बुजुर्ग दंपती को लाठी-डंडे से बुरी तरह से पीट दिया। सिर पर चोट लगने से बुजुर्ग की हालत खराब हो गई। इलाज के लिए बरेली ले जाते समय रास्ते में उनकी मौत हो गई। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। जलालाबाद थाना क्षेत्र के गांव राजपुर नगला में धर्मपाल ने गांव के बाहर खेत पर अपना मकान बना रखा है। पास में ही श्यामपाल (60) का खेत है। श्यामपाल ने खेत की रखवाली के लिए धर्मपाल की जगह पर एक मचान बनाकर मड़ैया डाल ली थी। बुधवार सुबह करीब 11 बजे धर्मपाल मकान वाली अपनी जगह के चारों तरफ डंडे गाड़कर बाड़ लगा रहा था।
उसने खेत पर मौजूद श्यामपाल व उनकी पत्नी रूबी से मचान हटाने के लिए कहा। इसको लेकर दोनों पक्षों में विवाद हो गया। धर्मपाल और उसके बेटे विजयबहादुर, रामसूरज व पन्नालाल ने श्यामपाल व उनकी पत्नी रूबी को लाठी-डंडों से पीटकर लहूलुहान कर दिया और भाग गए। जानकारी होने पर मौके पर पहुंचे बेटे घायल माता-पिता को घर ले आए।दोपहर करीब तीन बजे पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया। प्राथमिक इलाज के बाद यहां से दोनों घायलों को राजकीय मेडिकल काॅलेज रेफर कर दिया गया। रूबी का अस्पताल में इलाज चल रहा है। सिर पर गंभीर चोट होने के कारण शाम को श्यामपाल की तबीयत बिगड़ गई थी।
परिजन उन्हें इलाज के लिए बरेली ले जा रहे थे लेकिन रास्ते में उनकी मौत हो गई। थाना प्रभारी हरपाल बालियान ने बताया कि रात में श्यामपाल के बेटे देवेश कुमार की तहरीर पर पिता व उसके तीनों बेटों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई। देर रात मोबाइल से मिली लोकेशन के आधार पर चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। श्यामपाल के पांच बेटे व तीन बेटियां हैं। इनमें दो बेटे व दो बेटियों की शादी हो चुकी है।







