पुलिस ने 14 लैपटॉप, 11 मोबाइल और नकदी बरामद की
उत्तर प्रदेश। सहारनपुर के घंटाघर स्थित एक होटल में चल रहे फर्जी अंतरराष्ट्रीय कॉल सेंटर का पुलिस ने पर्दाफाश किया। यह कॉल सेंटर अमेरिका के नागरिकों को टेक्निकल सपोर्ट के नाम पर साइबर ठगी का शिकार बना रहा था। छापेमारी में पुलिस ने सात पुरुष और चार महिलाओं सहित 11 आरोपियों को गिरफ्तार कर 14 लैपटॉप, 11 मोबाइल, पांच हेडफोन, तीन चार्जर और 4,900 रुपये नकद बरामद किए।
पुलिस के अनुसार, आरोपी पिछले एक महीने से होटल में ठिकाना बनाकर अमेरिकी नागरिकों को निशाना बना रहे थे। वे पहले उनके कंप्यूटर में वायरस युक्त पॉप-अप मैसेज भेजते, फिर खुद को टेक्निकल सपोर्ट एजेंट बताकर कॉल करते थे। अल्ट्राव्यूअर सॉफ्टवेयर के जरिए पीड़ितों का सिस्टम एक्सेस लेकर झूठे वायरस अलर्ट दिखाए जाते और उन्हें डराकर गिफ्ट कार्ड खरीदने को मजबूर किया जाता। गिफ्ट कार्ड मैनेजर और सहयोगियों तक पहुंचाकर रुपये वसूले जाते। जांच में पता चला कि मुख्य आरोपी विक्रम के खिलाफ गुरुग्राम में भी एक मामला दर्ज है।







