आगरा। थाना सदर क्षेत्र में डीएलएड की छात्रा का दो सगे भाइयों ने जीना हराम कर दिया है। दोस्ती से इन्कार करने पर उसका फेसबुक और इंस्टाग्राम एकाउंट हैक कर लिया। इसके बाद आपत्तिजनक संदेश भेजे। परिजन के विरोध करने पर घर पहुंचकर धमकाया। पुलिस ने आरोपियों पर केस दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। पीड़िता के पिता ने बताया कि दिसंबर 2023 में गोपालपुरा के गगन वर्मा और गप्पू वर्मा नामक भाइयों से उनकी बेटी की शादी समारोह में मुलाकात हुई थी। इसके बाद से ही दोनों ने बेटी से दोस्ती करने का दबाव डालना शुरू कर दिया। बेटी ने साफ इन्कार कर दिया।
इसके बाद आरोपियों ने उसका फेसबुक और इंस्टाग्राम खाता हैक किया और अश्लील मैसेज भेजने लगे। कई नंबरों को ब्लैकलिस्ट किया मगर वह नए नंबरों से कॉल और मैसेज करते थे। इसकी जानकारी होने पर आरोपियों के घर शिकायत की। दोनाें भाई 22 जून की रात तमंचा लेकर घर में घुस आए। बेटी को मारने की धमकी देने लगे। लोगों की भीड़ लगने पर धमकी देते हुए भाग गए। पुलिस ने छेड़छाड़ और आईटी एक्ट में केस दर्ज किया है।
बरहन में रिश्तेदार में गई छात्रा को शोहदा धमका रहा है। दोस्ती से इन्कार करने पर तेजाब डालने की धमकी दे रहा है। पीड़िता ने थाना शाहगंज में केस दर्ज कराया है। शाहगंज की रहने वाली युवती बीए द्वितीय वर्ष की छात्रा है। पीड़िता ने आरोप लगाया कि वो छह माह पूर्व रिश्तेदारी में बरहन गई थी। वहां बॉबी से परिचय हो गया। उसने नंबर ले लिया। इसके बाद दोस्ती का दबाव बनाने लगा। इन्कार करने पर काॅलेज पहुंच गया। तेजाब डालने की धमकी दी।







