गाजियाबाद- मोदीनगर क्षेत्र में बिजली लाइनों और ट्यूबवेल ट्रांसफार्मरों से सामान चोरी करने वाले सक्रिय गिरोह का पुलिस ने खुलासा किया है। निवाड़ी थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि उनका एक साथी अभी फरार है।
पुलिस के अनुसार, सूचना मिली थी कि चोरी की वारदातों में शामिल कुछ बदमाश क्षेत्र में फिर से किसी घटना को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं। इसके बाद पुलिस टीम ने इलाके में घेराबंदी कर निगरानी शुरू की। इसी दौरान एक संदिग्ध कार को रुकने का इशारा किया गया, लेकिन चालक ने भागने की कोशिश की। पीछा कर पुलिस ने वाहन को रोक लिया और उसमें सवार दो लोगों को हिरासत में ले लिया।
पूछताछ में दोनों आरोपी बिजली के तार और ट्रांसफार्मरों से कीमती सामान चोरी करने वाले गिरोह के सदस्य निकले। उनकी पहचान मेरठ जिले के सिवाल खास क्षेत्र निवासी फिरोज और जान मोहम्मद के रूप में हुई है।
आरोपियों ने बताया कि वे अपने फरार साथी के साथ मिलकर दिन में खेतों और सुनसान इलाकों की रेकी करते थे और रात के समय चोरी की घटनाओं को अंजाम देते थे। पुलिस ने उनके कब्जे से अवैध हथियार, चोरी का सामान, वारदात में इस्तेमाल होने वाले औजार और कार बरामद की है।
जांच में यह भी सामने आया है कि गिरफ्तार दोनों आरोपियों के खिलाफ पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस अब फरार आरोपी की तलाश कार रही है और जल्द ही उसे भी गिरफ्तार करने का दावा कर रही है।







