देहरादून। नशे में धुत स्पेशल ब्यूरो के कर्मचारी ने ट्रेन में वेंडर के साथ मारपीट की। इसके बाद जब वहां जीआरपी का सिपाही पहुंचा तो उसके साथ भी बदसलूकी करने लगा। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर मेडिकल कराया, जिसमें शराब पीने की पुष्टि हुई। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है।
घटना रेलवे स्टेशन पर खड़ी उपासना एक्सप्रेस में हुई। एसएचओ जीआरपी त्रिवेंद्र सिंह राणा ने बताया कि उपासना एक्सप्रेस देरी से आई थी। लिहाजा, वह देरी से ही रवाना होनी थी। रात करीब साढ़े 12 बजे ट्रेन के जनरल डिब्बे में शोर शराबा होने लगा। पता चला कि एक युवक नशे की हालत में वहां के वेंडर से मारपीट कर कर रहा था। इसकी सूचना पर वहां जीआरपी का सिपाही पहुंचा तो युवक ने उसके साथ भी अभद्रता शुरू कर दी। इस पर उसे तत्काल हिरासत में ले लिया गया।







