रहुई (नालंदा): बिहार के नालंदा जिला अंतर्गत रहुई थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर-1 (रहुई बाजार) में सोमवार को एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। घरेलू विवाद के दौरान एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी पर लोहे की रॉड से प्राणघातक हमला कर उसे मौत के घाट उतार दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौका-ए-वारदात से फरार हो गया।
मृतका की पहचान रहुई बाजार निवासी पंकज राम की 30 वर्षीय पत्नी रिंकी कुमारी के रूप में की गई है। प्रत्यक्षदर्शियों और स्थानीय लोगों के अनुसार, सोमवार को किसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच बहस शुरू हुई थी। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि आपे से बाहर हुए पंकज राम ने लोहे की रॉड उठाकर रिंकी के सिर पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। सिर में गंभीर चोट लगने के कारण महिला ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
घटना की सूचना मिलते ही रहुई थाना पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुँची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बिहार शरीफ सदर अस्पताल भेज दिया। पुलिस की फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से खून से सनी रॉड और अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए हैं।
सदर डीएसपी-2 संजय कुमार जायसवाल ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया:
“प्राथमिक जांच में पारिवारिक कलह की वजह से हत्या की बात सामने आई है। आरोपी पति घटना के बाद से ही फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की विशेष टीमें बनाकर संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। जल्द ही आरोपी को सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।”
इस क्रूर वारदात के बाद से रहुई बाजार इलाके में मातम और दहशत का माहौल है। पुलिस परिजनों और पड़ोसियों से पूछताछ कर हत्या की मुख्य वजहों का पता लगाने में जुटी हुई है।







