रॉड, ईंट और लाठी-डंडे से किया गया हमला; प्रॉपर्टी डीलर समेत तीन पर केस दर्ज
ग्रेटर नोएडा। ग्रेनो वेस्ट स्थित गौड़ सिटी-2 के एक ढाबे में देर रात खाने को लेकर हुए विवाद ने एक कर्मचारी की जान ले ली। सूचना के अनुसार, ढाबे पर अकेले काम कर रहे नीटू कश्यप (48) को तीन युवकों ने रॉड, ईंट, पत्थर और लाठी-डंडों से बेरहमी से हमला कर घायल कर दिया। गंभीर चोटों के कारण नीटू की मौके पर ही मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, विवाद की शुरुआत तब हुई जब एक युवक ढाबे पर खाना मांगने पहुंचा। ढाबा मालिक ने बताया कि खाना खत्म हो चुका है। इस बात पर दोनों के बीच कहासुनी और हाथापाई हो गई। कुछ समय बाद उसी युवक ने दो साथियों के साथ वापस आकर नीटू पर हमला कर दिया।
पुलिस ने मामले में प्रॉपर्टी डीलर नितिन और दो अज्ञात युवकों के खिलाफ केस दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। फॉरेंसिक टीम ने मौके का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए हैं। एडीसीपी सेंट्रल नोएडा शैव्या गोयल ने बताया कि सभी आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के लिए टीमें सक्रिय हैं।







