फिरोजाबाद। थाना नारखी क्षेत्र स्थित एक खाली प्लाॅट में मिले युवक की हत्या कर शव को फेंका गया था। युवक की गुमशुदगी उत्तर थाने में दर्ज होने पर उसका पोस्टमार्टम थाना उत्तर पुलिस ने कराया है। एसएसपी ने हत्याकांड के खुलासे के लिए तीन टीमों का गठन किया। पुलिस के अनुसार युवक की हत्या अवैध संबंधों में बाधक बनने पर की गई थी। पुलिस ने मृतक की पत्नी सहित 10 लोगों को हिरासत में लिया है।
थाना रामगढ़ क्षेत्र के सरजीवन नगर सैलई निवासी जाॅनी (27) बेलदारी कर अपने परिवार का भरण पोषण करता था। परिजनों की मानें तो वहग थाना उत्तर क्षेत्र के टापा कलां में बेलदारी का काम करने 16 मई को गया था। देर शाम तक घर नहीं लौटा तो परिजनों उसकी खोजबीन की थी। नहीं मिलने पर थाना उत्तर में गुमशुदगी दर्ज कराई थी। शनिवार की शाम को नारखी थाना क्षेत्र के दौलतपुर गांव के पास खाली प्लाट में एक युवक का शव मिला था। उसकी शिनाख्त परिजनों ने जॉनी के रूप में की।
घटना स्थल पर एसपी सिटी सर्वेश कुमार मिश्र, सीओ सिटी हिमांशु गौरव, सीओ टूंडला अनिवेश सिंह काफी फोर्स पहुंचा था। फोरेंसिक टीम ने भी मौके से कई साक्ष्य जुटाए थे। युवक की हत्या करने के बाद शव को प्लॉट में फेंका गया था। क्योंकि उसके एक तरफ के हाथ और पैर के पंजे गायब थे। बताते हैं कि मृतक के दो बच्चे है। पुलिस ने बताया कि युवक की हत्या अवैध संबंधों में बाधक बनने पर की गई थी। पुलिस ने मृतक की पत्नी सहित 10 लोगों को हिरासत में लिया है।







