बैंक खाते और सिम बेचकर ठगों को देते थे सहयोग, पुलिस कर रही गहन पूछताछ
अजमेर। सिविल लाइन थाना पुलिस ने साइबर अपराधियों को सहयोग देने वाले एक सक्रिय गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने तीन युवकों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से कई बैंकों की पासबुक, एटीएम कार्ड और सैकड़ों मोबाइल सिम बरामद किए हैं। यह नेटवर्क भोले-भाले लोगों की जानकारी का दुरुपयोग कर ठगों को बैंक खाते और सिम बेचने का काम करता था।
थानाधिकारी शंभू सिंह शेखावत ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रितिक चौहान (21) पुत्र रामभारत चौहान, तरुण चिंटा (22) पुत्र कमलेन्द्र प्रताप चिंटा और सुनील आचरा (21) पुत्र रामेश्वरलाल आचरा के रूप में हुई है। पुलिस पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी आम लोगों को लालच देकर उनके नाम पर बैंक खाते खुलवाते थे। इसके बाद वही खाते और सिम कार्ड ऊंची रकम लेकर साइबर ठगों को बेच देते थे, जिनका इस्तेमाल ऑनलाइन फ्रॉड और वित्तीय अपराधों में किया जाता था।
पुलिस ने अब तक कई बैंकों की पासबुक, एटीएम कार्ड और बड़ी संख्या में सिम कार्ड बरामद किए हैं। शुरुआती जांच से पता चला है कि यह गिरोह न सिर्फ अजमेर बल्कि अन्य जिलों में भी सक्रिय था।
पुलिस टीम— एएसआई सुवालाल, कांस्टेबल समित सहारण और अभय सिंह— ने इस कार्रवाई में अहम भूमिका निभाई। अधिकारियों का कहना है कि पूछताछ के आधार पर गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश जारी है और जल्द ही पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जाएगा।







