झांसी। समथर थाने के अंतर्गत आने वाले एक गांव में रिश्तों को शर्मसार कर देने का मामला सामने आया है। तीन साल की बच्ची के साथ उसके चचेरे भाई ने दरिंदगी की। इसके बाद खून से लथपथ हाल में घर में छोड़कर भाग निकला। आरोपी के खिलाफ परिजनों ने समथर थाने में नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई है। बच्ची का मेडिकल चेकअप कराने के साथ ही पुलिस आरोपी युवक की तलाश में जुट गई है। बच्ची के पिता गांव में रहकर खेती-किसानी करते हैं। उन्होंने पुलिस को बताया कि सोमवार को वह खेत पर गए थे। बच्ची घर के बाहर खेल रही थी।
उसी दौरान पड़ोस में रहने वाला उनका भतीजा घर पहुंचा। बच्ची को खिलाने के बहाने अपने साथ गोदी में उठाकर ले गया। कुछ देर बाद बच्ची को रोता हुआ घर में छोड़कर भाग निकला। बच्ची को रोता देख जब परिवार के लोग पहुंचे तब उसके प्राइवेट पार्ट से खून बह रहा था। देर-शाम परिजन बच्ची को लेकर समथर थाने पहुंच गए। थाना प्रभारी प्रदीप कुमार के मुताबिक परिजनों की तहरीर के आधार पर आरोपी युवक के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।







