– शव के गांव आते ही मचा कोहराम
हमीरपुर। सुमेरपुर क्षेत्र के ग्राम चंद्रपुरवा बुजुर्ग निवासी ट्रांसपोर्टर के भाई ने कानपुर के आवास में फांसी लगाकर जीवन लीला समाप्त कर ली। शव के गांव आते ही परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक का गांव में ही अंतिम संस्कार किया गया। चंद्रपुरवा बुजुर्ग निवासी सोनू सिंह ट्रांसपोर्टर है। इसका बड़ा भाई शिवपूजन सिंह 28 वर्ष पत्नी शिवानी एवं पुत्र प्रिंस 4 वर्ष के साथ कानपुर के निजी आवास में रहता था।
देर रात यह शराब के नशे में घर लौटा तो पत्नी से कुछ कहा सुनी हो गई। इसके बाद शिवपूजन कमरे में जाकर सो गया। सुबह पत्नी जब सोकर उठी तो वह फांसी में झूल रहा था और उसकी मौत हो चुकी थी। पत्नी ने घटना की सूचना ससुर राजू सिंह एवं देवर सोनू सिंह को दी। घटना की सूचना पाकर सभी कानपुर पहुंचे और पुलिस को सूचित किया। पोस्टमार्टम के बाद देर शाम शव गांव लाया गया।
गांव में ही उसका अंतिम संस्कार किया गया। मृतक अपने पीछे पत्नी शिवानी, पुत्र प्रिंस, पिता राजू सिंह, मां भूरी सिंह सहित तीन भाइयों को रोता बिलखता छोड़ गया है। मृतक चार भाइयों में सबसे बड़ा था। अचानक हुई इस घटना से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। अंतिम संस्कार में ग्राम प्रधान नरेन्द्र पाल सहित सैकड़ो लोग शामिल रहे।







