मिर्जापुर: उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जिले में जिगना पुलिस ने शनिवार सुबह एक मुठभेड़ के दौरान शातिर पशु तस्कर को गिरफ्तार कर लिया। यह कार्रवाई कुसहा जड़ावती नदी पुलिया के पास की गई, जहां पुलिस और आरोपी के बीच मुठभेड़ हुई।
पुलिस के अनुसार, आरोपी की पहचान सिराज अहमद के रूप में हुई है, जो जौनपुर जिले के सिद्दीकीपुर का रहने वाला है। मुठभेड़ के दौरान उसके बाएं पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे पुलिस हिरासत में लेकर इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया।
सीओ लालगंज अमर बहादुर ने जानकारी देते हुए बताया कि 19 मार्च को जिगना थाना क्षेत्र में पाली के पास एक ट्रक से 26 मवेशियों को बरामद किया गया था। इस मामले में केस दर्ज कर फरार आरोपियों की तलाश की जा रही थी।
इसी क्रम में पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि मुख्य आरोपी सिराज अहमद अपने वाहन को छुड़ाने की कोशिश में इलाके में आने वाला है। सूचना के आधार पर पुलिस ने कुसहा जड़ावती पुलिया के पास घेराबंदी की और एक संदिग्ध व्यक्ति को रुकने का इशारा किया।
लेकिन आरोपी ने पुलिस पर फायरिंग कर दी और भागने की कोशिश की। जवाब में पुलिस ने आत्मरक्षा में फायरिंग की, जिसमें वह घायल हो गया और मौके पर ही पकड़ लिया गया।
घटनास्थल से पुलिस ने एक तमंचा, एक खोखा, एक जिंदा कारतूस, मोबाइल फोन और 1200 रुपये नकद बरामद किए हैं।







