सरधना में मुहर्रम जुलूस से पूर्व विवाद; ट्रांसपोर्ट कारोबारी को गोली मारने वाला शुएब मुठभेड़ में गिरफ्तार, सुरक्षा को लेकर लोगों में गुस्सा
मेरठ। सरधना कस्बे के ऊंचापुर इलाके में शनिवार देर रात उस वक्त अफरा-तफरी मच गई जब मुहर्रम के ताजिये जुलूस की तैयारी के दौरान एक स्थानीय नागरिक को गोली मार दी गई। घायल कादिर बेग (50), जो कि एक ट्रांसपोर्ट कारोबारी और ताजिया आयोजन समिति के प्रमुख सदस्य हैं, को गंभीर हालत में मेरठ रेफर किया गया।
बताया जा रहा है कि ताजिया जुलूस की तैयारियों के दौरान मोहल्ले का ही शुएब उर्फ टिड्डी शराब के नशे में वहां पहुंचा और गाली-गलौज करने लगा। जब कादिर ने इसका विरोध किया तो शुएब ने धमकी दी और थोड़ी देर बाद अपने कुछ साथियों के साथ उनके घर पर जाकर गोली चला दी। गोली कादिर के कंधे में लगी। इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
घटना के बाद मोहल्ले में तनाव फैल गया और गुस्साए लोगों ने दोपहर दो बजे निकलने वाला ताजिया जुलूस रोक दिया। ऊंचापुर, सराय अफगानान और आज़ादनगर के आयोजकों ने सुरक्षा इंतजाम न होने पर जुलूस स्थगित करने का फैसला लिया।
सूचना मिलते ही पुलिस महकमा हरकत में आया। एसएसपी डॉ. विपिन ताडा के निर्देश पर थाना प्रभारी निरीक्षक प्रताप सिंह मौके पर पहुंचे और आयोजकों से बात कर उन्हें सुरक्षा का भरोसा दिलाया। शाम करीब पांच बजे, तय समय से तीन घंटे बाद, ताजिया जुलूस शांतिपूर्वक निकाला गया।
इससे पहले, करीब साढ़े नौ घंटे की मशक्कत के बाद आरोपी शुएब को पुलिस ने मुठभेड़ में गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की गोली से उसके पैर में चोट आई है और उसे मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।







