पानीपत- हरियाणा के समालखा क्षेत्र में एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। गुरुवार सुबह जौरासी गांव के पास रजवाहे में लोगों ने शव तैरता देखा और तुरंत पुलिस को सूचना दी।
मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने शव को बाहर निकलवाकर जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि युवक को बेहद नजदीक से गोली मारी गई थी। शरीर पर मिले निशानों से अंदेशा जताया जा रहा है कि हत्या कहीं और की गई और बाद में शव को रजवाहे में फेंक दिया गया।
मृतक की उम्र करीब 25 से 30 वर्ष के बीच आंकी जा रही है। हालांकि अभी तक उसकी पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस आसपास के थानों में गुमशुदगी की रिपोर्ट खंगाल रही है और स्थानीय लोगों से पूछताछ की जा रही है। शव को नागरिक अस्पताल के शवगृह में सुरक्षित रखवाया गया है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि शव यहां कब और कैसे पहुंचाया गया। फिलहाल अज्ञात आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच आगे बढ़ाई जा रही है।







