उत्तरप्रदेश। बदायूं के बिनावर थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह भाजपा मंडल उपाध्यक्ष का खून से लथपथ शव ओवरहेड टैंक परिसर के पास मिला। विजयनगला गांव के सुरेश चंद्र गुप्ता रात में अपने बेटे की जगह पानी की टंकी की रखवाली करने गए थे। सुबह उनका शव मिलने से पूरे गांव में दहशत फैल गई। पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाए गए। शुरुआती जांच में सिर पर ईंट से वार कर और धारदार हथियार से हमला करने की बात सामने आई है।
किसान यूनियन से जुड़े थे सुरेश चंद्र
गांव विजयनगला के रहने वाले 58 वर्षीय सुरेश चंद्र गुप्ता भाजपा मंडल उपाध्यक्ष और किसान यूनियन से भी जुड़े थे। बेटा राहुल गांव के ओवरहेड टैंक में चौकीदारी है। मंगलवार को राहुल किसी रिश्तेदार से मिलने गया था, जिस वजह से सुरेश गुप्ता रात में पहरा देने टंकी पर चले गए। परिजनों के मुताबिक, रात करीब 9 बजे खाना खाकर वह टंकी परिसर में चले गए थे।
सुबह गेट के पास खून से सना मिला शव
बुधवार सुबह करीब 7 बजे टहलने निकले ग्रामीणों ने टंकी के गेट के पास सुरेश गुप्ता का खून से सना शव देखा। पास में खून से सनी ईंटें भी मिलीं। सूचना मिलते ही इंस्पेक्टर अशोक कुमार कंबोज पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी। फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल से सबूत जुटा लिए हैं। फिलहाल हत्या की वजह साफ नहीं है। पुलिस परिजनों से पूछताछ कर रही है और अज्ञात हमलावरों की तलाश में जुट गई है। इंस्पेक्टर अशोक कुमार ने बताया कि हत्या का मुकदमा दर्ज किया जा रहा है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।







