शहर के निवासी विनीत सिंह शहर में ही एक निजी अस्पताल का संचालन करते हैं। शनिवार सुबह विनीत सिंह बाइक से घर से किसी आवश्यक कार्य से निकले थे। अस्पताल संचालक विनीत जब जिला अस्पताल चौराहे के निकट पहुंचे तो लघु शंका के लिए उन्होंने बाइक सड़क के किनारे खड़ी कर दी। विनीत जब लघु शंका कर रहे थे उसी दौरान एक बाइक पर पीछे से आए दो युवकों ने उन पर गोलियां बरसाना शुरू कर दीं।
पहली गोली चलने पर विनीत जान नहीं पाए फिर जब पीछे मुड़े तो अपने ऊपर फायरिंग होते देख शोर मचाते हुए भागने लगे। भागते समय एक गोली विनीत के पैर में लगी, जिससे वह लहूलुहान हो गए। फायरिंग और विनीत की चीख-पुकार पर आसपास के लोग दौड़े लेकिन तब तक फायरिंग कर रहे बाइक सवार बदमाश असलहा हवा में लहराते हुए भाग गए।
आसपास के लोगों ने तत्काल जख्मी विनीत को जिला अस्पताल पहुंचाकर भर्ती कराया है। घटना की सूचना पाकर कोतवाली नगर की पुलिस टीम मौके पर पहुंची है। घटनास्थल का मुआयना करने के बाद पुलिस टीम ने अस्पताल पहुंचकर विनीत का बयान दर्ज किया। सीसीटीवी फुटेज की फोटो में आप देख सकते हैं कि किस तरह से बाइक सवार फायरिंग कर रहे हैं। पुलिस अधीक्षक प्रशांत वर्मा का कहना है की घटना की जांच कर पुलिस दोषियों के खिलाफ कड़ी कारवाई करेगी।







