हमलावर फरार, इलाके में तनाव का माहौल
बुलंदशहर। यूपी के बुलंदशहर जिले में मंगलवार दोपहर कचहरी परिसर के गेट नंबर चार के पास बड़ा हादसा हो गया। यहां एक फोटो स्टूडियो में मौजूद युवक की दिनदहाड़े चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई। वारदात के बाद पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई और कचहरी परिसर में अफरा-तफरी मच गई।
मृतक की पहचान नाहिफ अंसारी (पुत्र आसिफ), निवासी मदीना मस्जिद के पास, वाटर बॉक्स, नगर कोतवाली क्षेत्र के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि नाहिफ दो दिन पहले नरसलघाट निवासी तस्मिया (पुत्री हनीफ) के साथ घर से भागा था। दोनों सोमवार को कचहरी पहुंचे थे और कोर्ट मैरिज की तैयारी में फोटो खिंचवा रहे थे।
इसी दौरान एक बाइक पर सवार तीन युवक मौके पर पहुंचे। एक युवक बाहर बाइक पर ही रुका रहा, जबकि दो अन्य सीधे स्टूडियो में घुस गए और नाहिफ पर ताबड़तोड़ चाकू से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल नाहिफ की मौके पर ही मौत हो गई। हमलावर फरार होते समय एक चाकू कचहरी गेट के पास और दूसरा पास के ग्लोबल हॉस्पिटल के पास फेंककर भाग निकले।







