बठिंडा (पंजाब)- बठिंडा में थाना थर्मल पुलिस ने समय रहते एक गंभीर गैंगवार को नाकाम करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चार विदेशी पिस्टल, 26 जिंदा कारतूस और एक बिना नंबर वाली कार बरामद की है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कुलदीप सिंह गिल, गुरविंदर सिंह और गगनदीप सिंह के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों का उद्देश्य किसी आपसी गैंग विवाद को अंजाम देना था। एसएचओ गुदर्शन सिंह ने बताया कि बीते दिन ट्रांसपोर्ट नगर के पास चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध कार को रोका गया। कार की तलाशी में हथियार और कारतूस बरामद हुए।
पुलिस ने तीनों के खिलाफ अलग-अलग धाराओं में मामला दर्ज कर उनकी गिरफ्तारी सुनिश्चित की है। आरोपियों ने प्रारंभिक पूछताछ में माना कि वे गैंगवार की योजना बना रहे थे और बठिंडा जिले के एक स्थानीय गैंगस्टर को निशाना बनाने वाले थे।
पुलिस इस मामले में आगे की जांच कर रही है और पूरे इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है।







