जमीन बेचकर मिले 20 लाख रुपये लौटाने के दबाव में आरोपी ने महिला और दो बच्चों को नहर में धक्का दिया
बरनाला। पंजाब के बरनाला जिले के सेखा गांव में लापता हुई एक महिला और उसके दो बच्चों की मौत का रहस्य आखिरकार सामने आ गया है। करीब 10 दिन तक जांच के बाद थाना सदर पुलिस ने इस तीन हत्याओं के मास्टरमाइंड को गिरफ्तार कर लिया है। यह मामला अब पूरा फाइनेंशियल डिस्प्यूट और भरोसे के गलत इस्तेमाल का रूप ले चुका है।
पुलिस के अनुसार मृतका ने अपनी जमीन बेचकर करीब 20 लाख रुपये आरोपी को दिए थे। जब महिला ने पैसे वापस मांगे तो आरोपी ने रकम लौटा पाने में असमर्थता के चलते खौफनाक प्लान बनाया। जांच में आरोपी और महिला के बीच करीबी संबंध होने की बात भी सामने आई है।
आरोपी कुलवंत सिंह महिला और उसके बच्चों को धार्मिक यात्रा के बहाने बाहर लेकर गया और फिर भाखड़ा नहर के किनारे मौके का फायदा उठाकर तीनों को धक्का दे दिया। नहर में डूबने से तीनों की मौत हो गई। एसएसपी मोहम्मद सरफराज आलम ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।







