फरीदाबाद। फरीदाबाद के इस्माइलपुर इलाके में एक ऑटो चालक ने कथित तौर पर पत्नी के किसी अन्य युवक के साथ संबंध होने के शक में आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान मल्कीत सिंह के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि इसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच पहले भी कई बार विवाद हो चुका था।
जानकारी के अनुसार, मल्कीत सिंह ऑटो चलाकर परिवार का पालन-पोषण करता था। उसे अपनी पत्नी के दीपक नाम के युवक के साथ संबंध होने का संदेह था। इसी शक को लेकर दोनों के बीच अक्सर कहासुनी होती थी। गुरुवार को भी घर में किसी बात को लेकर विवाद हुआ।
बताया जा रहा है कि विवाद के बाद मल्कीत ने फांसी लगाकर जान दे दी। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में ले लिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है।
पुलिस के मुताबिक, अभी तक मामले में किसी व्यक्ति के खिलाफ मुकदमा दर्ज नहीं किया गया है। घटना के पीछे के कारणों और परिवार के लोगों से जुड़े तथ्यों की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।







