उत्तर प्रदेश। झांसी के थाना बबीना क्षेत्र के मुखियानगर में शीला नामक महिला की हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। पुलिस ने मृतका के भतीजे बृजलाल और उसकी देवरानी मीना को गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में सामने आया कि दोनों ने जमीन विवाद और पारिवारिक झगड़े के चलते मिलकर वारदात को अंजाम दिया था।
जमीन विवाद से उपजा था गुस्सा
क्षेत्राधिकारी रामवीर सिंह ने बताया कि आरोपी बृजलाल के पास करीब 66 डिसमिल सिंचित जमीन है। पिता की मृत्यु के बाद उसकी मां मीरा जमीन की देखरेख करती थीं। इसी दौरान रास्ते की जमीन को लेकर मृतका शीला और उसके परिवार से आए दिन झगड़े होते थे।
कुछ दिन पहले हुए विवाद में शीला ने बृजलाल और उसकी मां को सबके सामने अपमानित किया था। इसी बात से आहत होकर बृजलाल ने उसकी हत्या की साजिश रची।
हत्या के बाद खेत में फेंका शव
10 नवंबर को बृजलाल और उसकी मां मीरा ने शीला को बातों में उलझाकर गांव से दूर एक पहाड़ी की ओर बुलाया। वहां दोनों ने मिलकर साड़ी से उसके हाथ बांध दिए और हंसिया से वार कर हत्या कर दी। शव को पास ही बने गड्ढे में फेंक दिया गया।
मंगलवार को पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उन्होंने जुर्म कबूल कर लिया। आरोपी की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल हंसिया बरामद कर ली गई है।
घर में मिले खून के निशान
पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि हत्या के बाद बृजलाल घर पहुंचा और खून से सनी जैकेट को धो डाला, जबकि जींस साफ नहीं कर सका। पुलिस ने मौके से जैकेट और जींस दोनों बरामद किए हैं।
घटनास्थल से मिली चूड़ियों ने खोला राज
पुलिस को घटनास्थल से दो तरह की चूड़ियां मिली थीं — लाल रंग की, जो मृतका शीला की थीं, और रंग-बिरंगी, जो मीरा की निकलीं। इनसे पुलिस को शक हुआ कि वारदात में दूसरी महिला भी शामिल थी। पूछताछ के बाद मीरा की भूमिका भी साफ हो गई।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद शव परिवार को सौंप दिया गया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया है।







