आरोपी निजी एजेंसी के माध्यम से कार्यरत था; अस्पताल में जांच के लिए कमेटी गठित
लखनऊ। बलरामपुर अस्पताल में काकोरी की एक युवती के साथ दुष्कर्म के प्रयास के आरोप में पुलिस ने सफाईकर्मी अनिल को गिरफ्तार कर लिया है। पीड़िता के पिता ने वजीरगंज थाने में आरोपी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। आरोपी निजी एजेंसी के माध्यम से अस्पताल में कार्यरत था, जिसे अब सेवा समाप्त कर दी गई है। अस्पताल के सीएमएस डॉ. हिमांशु चतुर्वेदी ने घटना की जांच के लिए एक कमेटी का गठन किया है और परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
जानकारी के अनुसार, युवती अपने भाई की चोट के इलाज के लिए शनिवार दोपहर बलरामपुर अस्पताल की नई बिल्डिंग आई थी। करीब 12:30 बजे वह पहले तल पर बने शौचालय गई। आरोप है कि इसी दौरान सफाईकर्मी अनिल पीछे से शौचालय में घुस गया और युवती का हाथ पकड़कर दुष्कर्म का प्रयास किया। किसी तरह युवती बचकर परिजनों के पास पहुंच गई। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी अस्पताल परिसर के पीछे बने क्वार्टर में रहता था।







