रुद्रपुर। गदरपुर विकास खंड के एक राजकीय प्राथमिक विद्यालय के सहायक अध्यापक ने छात्रों से और भोजनमाता से अभद्रता कर दी। आस पड़ोस के लोगों को इसकी भनक लगते ही विद्यालय में हंगामा काट दिया। इधर सूचना पर मौके पर पहुंचे खंड शिक्षा अधिकारी की संस्तुति पर मुख्य शिक्षा अधिकारी ने आरोपित शिक्षक काे निलंबित कर दिया है। उदयनगर राजकीय प्राथमिक विद्यालय में बच्चों की सुरक्षा पर सवाल उठे हैं। वहां तैनात सहायक अध्यापक राम प्रकाश गंगवार पर कुछ अभिभावकों ने और भोजनमाता ने उन पर अभद्रता का आरोप लगाया है। बताया जा रहा है कि मामला अत्यंत गंभीर है।
शनिवार को अभिभावकों ने शिक्षा अधिकारी से मुलाकात कर कार्रवाई की भी मांग उठाई। जिसके बाद खंड शिक्षा अधिकारी गदरपुर बीएन पांडेय ने इस मामले में बच्चों से पूछताछ की साथ ही अभिभावकों से बातचीत के बाद प्रथम दोषी मानते हुए सहायक अध्यापक राम प्रकाश गंगवार के निलंबन की संस्तुति कर दी।
वहीं मुख्य शिक्षा अधिकारी रमेश चंद्र आर्य ने बताया कि शिक्षक को तत्काल निलंबित कर उच्च स्तरीय जांच बैठा दी गई है। कहा कि स्कूल में अनुशासन का पाठ पढ़ाने वाले ही यदि इसका पालन नहीं करेंगे तो वह कार्रवाई से पीछे नहीं हटेंगे। कहा है कि आरोप गंभीर लगे हैं, मामला सही पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई भी की जाएगी।







