उन्नाव। बेहटा मुजावर में प्रेमिका की शादी तय होने से नाराज प्रेमी ने प्रेमिका के बायें हाथ का पंजा खुरपी से काटा था। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार करने के साथ पीड़िता की भाई की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर जेल भेजा है। वहीं लखनऊ ट्रामा सेंटर में भर्ती युवती की हालत में सुधार है। बेहटा मुजावर थानाक्षेत्र के एक गांव निवासी 20 साल की युवती का छह महीने से गांव के ही एक युवक से प्रेम प्रसंग चल रहा था। प्रेमिका के परिजनों ने युवती की शादी दूसरी जगह तय कर दी थी। 19 अप्रैल 2024 को युवती की बरात आनी थी। शादी तय होने से नाराज प्रेमी रिंकू ने मंगलवार दोपहर बाद प्रेमिका को खेत पर बहाने से बुलाया और शादी तोड़ने का दबाव बनाया।
प्रेमिका के इनकार करने पर खुरपी से उसका बायें हाथ का पंजा काट दिया और कहीं बताने पर जान से मारने की धमकी भी दी। प्रेमिका को लहूलुहान हालत में छोड़कर भाग निकला था। परिजन पीड़िता को सीएचसी लाए थे। वहां से लखनऊ ट्रामा सेंटर रेफर किया गया था। वहां पीड़िता का इलाज चल रहा है। थानाध्यक्ष फूल सिंह ने बताया दोनों में प्रेम प्रसंग था। पीड़िता के भाई की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। उसे जेल भेजा गया है।







