देहरादून। पैरोल पर रिहा होने के बाद पिछले पांच वर्षों से फरार चल रहे एक अभियुक्त को दून पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। अभियुक्त कोविड काल के दौरान जेल से पैरोल पर बाहर आया था, लेकिन निर्धारित अवधि समाप्त होने के बाद उसने न तो जेल में आत्मसमर्पण किया और न ही न्यायालय से जमानत कराई।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून द्वारा जिले में वांछित, इनामी और पैरोल जंप कर फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए सभी थाना प्रभारियों को सख्त निर्देश जारी किए गए हैं। इन्हीं निर्देशों के तहत थाना नेहरू कॉलोनी पुलिस ने प्रभावी कार्रवाई करते हुए फरार अभियुक्त को दबोचने में सफलता हासिल की।
पुलिस के अनुसार वर्ष 2020 में धोखाधड़ी के एक मामले में अभियुक्त प्रवेश खंडूरी पुत्र श्रीधर प्रसाद को जिला कारागार देहरादून भेजा गया था। कोविड-19 महामारी के दौरान उसे 90 दिन की पैरोल पर रिहा किया गया, लेकिन पैरोल अवधि समाप्त होने के बाद भी उसने न तो जेल में आत्मसमर्पण किया और न ही विचाराधीन वाद में जमानत ली। इसके चलते वह लंबे समय से फरार चल रहा था।
अभियुक्त के लगातार फरार रहने पर न्यायालय द्वारा उसके विरुद्ध गैर-जमानती वारंट जारी किए गए थे। इसके बाद पुलिस ने मुखबिर तंत्र को सक्रिय करते हुए ठोस सुरागरसी और पतारसी की। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर थाना नेहरू कॉलोनी पुलिस टीम ने अभियुक्त प्रवेश खंडूरी को बल्लूपुर क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्त को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए न्यायालय में पेश किया जाएगा। जिला पुलिस ने स्पष्ट किया है कि फरार अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और कानून से बचने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।







