कानपुर। नरवल के नरौरा गांव में शादी के सात साल बाद पति को अपनी पत्नी सांवली लगने लगी। इसे लेकर दंपती में आए दिन विवाद होने लगे। पति ने उसे पीटकर दो साल के बच्चे समेत घर से बाहर निकाल दिया। पुलिस ने पति और ससुरालियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। बौसर गांव निवासी सुनील द्विवेदी ने अपनी बेटी ललिता की शादी सात साल पहले नरवल के नरौरा गांव निवासी शैलेंद्र शुक्ला से की थी। शादी के पांच साल बाद ललिता ने बेटे को जन्म दिया। महिला का आरोप है बच्चा होने के बाद पति उसे सांवला रंग होने का ताना देने लगा। इसे लेकर आए दिन मार पीट शुरू कर दी।
कहीं भी न तो साथ में ले जाता और न ही किसी से परिचय कराता। मानसिक व शारीरिक रूप से प्रताड़ित करने लगा। बीते 19 फरवरी को शैलेंद्र ने इसी बात को लेकर दोबारा पीटा। विरोध किया तो गहने और मोबाइल छीन लिया और बच्चे के साथ घर से बाहर निकाल दिया। पीड़िता अपने मायके पहुंची और परिजनों को आपबीती बताई। इसके बाद थाने में तहरीर देकर आरोपी पति व ससुरालीजनों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई। नरवल थाना प्रभारी राजेश सिंह ने बताया पीड़िता की तहरीर पर पति और ससुरालियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।







