ग्रेटर नोएडा – ग्रेटर नोएडा के नॉलेज पार्क क्षेत्र स्थित एक निर्माणाधीन हॉस्टल में दो लोगों की हत्या के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के पैर में गोली लगने के बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस के अनुसार आरोपी की पहचान मेरठ निवासी अभिषेक के रूप में हुई है।
पुलिस जांच में सामने आया कि घटना के बाद से आरोपी फरार चल रहा था और उसकी तलाश में कई टीमें जुटी थीं। देर रात पुलिस को उसके इलाके में होने की सूचना मिली, जिसके बाद घेराबंदी की गई। खुद को घिरता देख आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में वह घायल हो गया और पुलिस ने उसे मौके से दबोच लिया।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने बताया कि घटना वाली रात वह दोनों मृतकों के साथ शराब पी रहा था। इसी दौरान कहासुनी और मजाक को लेकर विवाद बढ़ गया। गुस्से में आरोपी ने पास में पड़े फावड़े से हमला कर दिया, जिससे एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। दूसरे व्यक्ति को भी आरोपी ने इसलिए मार डाला ताकि घटना की जानकारी बाहर न जा सके।
घटना के बाद आरोपी मौके से भाग निकला था। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल फावड़ा भी बरामद कर लिया है। मामले में आगे की जांच जारी है और पुलिस अन्य पहलुओं की भी पड़ताल कर रही है।







