उत्तर प्रदेश। बीते वर्ष 26 दिसंबर को देवगांव मार्ग में बैंक मित्र के साथ हुई लूट के फरार आरोपी को पुलिस ने एक अदद तमंचा, वादी की फोटो युक्त आईडी बरामद करके न्यायालय में भेजा है। जहां से उसे जेल भेजा गया है। गत 26 दिसंबर को इंडियन बैंक से रुपए लेकर बैंक मित्र देवगांव अपने सेंटर पर जा रहा था। देवगांव एवं सुमेरपुर के मध्य असलहाधारी बदमाशों ने बाइक रुकवा कर लूट की घटना को अंजाम दिया था।
बैंक मित्र से लुटेरों ने 115000 नगद, लैपटॉप, मोबाइल आदि लूट लिया था। पुलिस ने अज्ञात लुटेरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। पुलिस ने गिरोह के सरगना और उसके तीन साथियों को मुठभेड़ के दौरान पूर्व में गिरफ्तार करके घटना का पर्दाफाश किया था। थानाध्यक्ष रामआसरे सरोज ने बताया कि घटना में शामिल पांचवे आरोपी अंकित कुशवाहा उर्फ गोविंद निवासी सेमरा थाना सराय इनायत प्रयागराज प्रकाश में आया था।
जिसे कस्बे के रानी लक्ष्मीबाई तिराहा के समीप बने शौचालय के पास से गिरफ्तार किया गया है। उस पर 25 हजार का इनाम भी था। इससे एक अदद तमंचा 315 बोर, वादी की बैंक आईडी फोटो युुक्त तथा एक हजार रुपये की नगदी बरामद कर न्यायालय भेजा है। जहां से उसे जेल भेजा गया है।







