मुरादाबाद। हासमपुर गोपाल गांव में मोबाइल पर पबजी खेलने के विवाद में सुरेंद्र की हत्या कर दी गई। बताया जाता है कि सुरेंद्र और मुख्य आरोपी योगराज के बीच चार माह पहले फैक्टरी में विवाद हुआ था। इस विवाद की वजह से मालिक ने दोनों को नौकरी से निकाल दिया था। इसके बाद से दोनों के बीच रंजिश चल रही थी। हाशमपुर गोपाल निवासी सुरेंद्र सिंह के भाई धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि सुरेंद्र सिंह और योगराज सिंह दोनों एक ही फैक्टरी में काम करते थे। यहां दोनों के बीच चार माह पहले भी झगड़ा हो हुआ था।
तब फैक्टरी मालिक ने दोनों को फैक्टरी से निकाल दिया था। घर लौटने के बाद भी योगराज ने सुरेंद्र से झगड़ा किया था। आरोपी ने उसे देख लेने की धमकी दी थी। तब कुछ लोगों ने बीच में पड़कर समझौता करा दिया था। बृहस्पतिवार को आरोपी ने मौका पाकर अपने साथियों के साथ मिलकर उसकी हत्या कर दी थी। पुलिस ने शुक्रवार को सुरेंद्र के शव का पोस्टमार्टम कराया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में पता चला है कि सुरेंद्र के सिर पर चोटों के कई निशान थे। इसके अलावा उसके सिर में चोट लगने के कारण उसकी मृत्यु हुई थी।
पाकबड़ा थाने की पुलिस ने आरोपियों की तलाश में उनके घर दबिश दी लेकिन वह घटना के बाद ही फरार हो गए थे। इसके अलावा आरोपियों की रिश्तेदारियों में पुलिस ने दबिश दी है लेकिन अब तक सफलता नहीं मिल पाई है। एसपी सिटी अखिलेश भदौरिया ने बताया कि आरोपियों की तलाश में टीमें लगी है। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा हासमपुर गोपाल गांव में बृहस्पतिवार दोपहर मोबाइल पर पबजी खेलने के विवाद में एक युवक पर डंडे से हमला कर दिया। अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। शुक्रवार दोपहर शव लेकर परिजन थाने पहुंच गए और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर हंगामा किया। पुलिस ने इस मामले में रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
हासमपुर गोपाल गांव निवासी सुरेंद्र सिंह (22) अपने गांव के बाहर हासमपुर चौराहे पर गांव निवासी योगराज सिंह के साथ बैठा हुआ मोबाइल पर पबजी खेल रहा था। पबजी खेलते हुए सुरेंद्र सिंह और योगराज में विवाद हो गया। विवाद बढ़ा तो योगराज सिंह ने सुरेंद्र सिंह पर हमला बोल दिया। योगराज सिंह के साथ गांव निवासी सन्नी, तीर्थ सिंह और भीमा ने आकर उन्होंने सुरेंद्र सिंह को पीटना शुरू कर दिया। लाठी डंडे और सरिया से सुरेंद्र सिंह को इतना पीटा की वह लहूलुहान हो गया। सुरेंद्र के शरीर पर कई स्थानों से खून बहने लगा था। आसपास के लोगों ने उसे जैसे तैसे इन हमलावरों से बचाया और मामले की जानकारी सुरेंद्र के परिजनों को दी। घायल युवक को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जहां शुक्रवार सुबह इलाज के दौरान मौत हो गई।







