दिल्ली एनसीआर: गाजियाबाद में एक होटल के कमरे से सनसनीखेज मामला सामने आया है। शक्तिखंड-3 स्थित वन मॉल होटल के कमरे नंबर 203 में पांच नवंबर की सुबह एक युवक का शव फंदे से लटका मिला। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दरवाजा खोलकर जांच शुरू की। मृतक की पहचान मेरठ के रक्षापुरम सेक्टर-1 निवासी रजत प्रताप सिंह (27 वर्ष) के रूप में हुई है।
कमरा बंद मिला तो स्टाफ ने दी पुलिस को सूचना
होटल स्टाफ ने बताया कि बुधवार सुबह जब रूम सर्विस के लिए दरवाजा खटखटाया गया तो भीतर से कोई जवाब नहीं मिला। काफी देर तक दरवाजा न खुलने पर कर्मचारियों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दूसरी चाबी से दरवाजा खोला तो युवक का शव चादर के सहारे फंदे से लटका हुआ था।
दो नवंबर से होटल में ठहरा था युवक
एसीपी इंदिरापुरम अभिषेक श्रीवास्तव ने बताया कि मृतक रजत प्रताप नोएडा स्थित एक प्राइवेट कंपनी में कार्यरत थे और 2 नवंबर से होटल में रह रहे थे। प्रारंभिक जांच में कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। पुलिस ने 2 से 5 नवंबर तक की सीसीटीवी फुटेज जब्त कर ली है ताकि पता लगाया जा सके कि इस दौरान होटल में कौन-कौन आया या गया। युवक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों से पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।







