मथुरा। छाता कोतवाली के गांव रनवारी में होली से पहले युवक की हत्या कर दी गई। गांव के ही कुछ लोगों ने इस वारदात को अंजाम दिया। घटना के बाद से आरोपी फरार हैं। गांव रनवारी में सुबह करीब 10:30 बजे अपने खेतों पर पानी देखने गए भारतपाल और पप्पू पुत्र हरिराम उम्र करीब 32 वर्ष की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतक के भाई कल्लू पहलवान ने जानकारी देते हुए बताया कि उसका भाई भारतपाल खेतों पर पानी को देखने के लिए गया था, तभी गांव के ही रहने वाले कुमारपाल, शेरो, ईश्वर पुत्र गिरिराज निवासी रनवारी ने किसी रंजिश को लेकर उसमें दो गोली मार दी। गोली लगने से भाई की मौके पर ही मौत हो गई।
वहीं मृतक के तीन छोटी-छोटी लड़कियां तथा एक छोटा बेटा भी है, जिनका रो-रो कर बुरा हाल है। गोली कांड की घटना को सुनकर ग्रामीण घटनास्थल पर एकत्रित हो गए। मौके पर पहुंची छाता पुलिस ने गांव वालों को समझाकर शांत कराया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। वहीं ग्रामीणों का आरोप है कि सूचना के बाद भी छाता पुलिस दो घंटे देरी से पहुंची।







