बलिया। उत्तर प्रदेश के बलिया जिले में बुधवार को बीच बाजार में अज्ञात बदमाशों ने युवक को धर्म टॉकीज के पास गोली मार दी। गोली लगने से युवक बुरी तरह घायल हो गया है । हमलावर कट्टा लहराते हुए मौके से फरार हो गए। पुलिस ने घायल को अस्पताल पहुंचाया और मामले की जांच शुरू कर दी है।
जबड़े पर मारी गोली, जिला अस्पताल रेफर
घटना में घायल युवक की पहचान गोंहिया टोला निवासी युवराज सिंह उर्फ यश सिंह (19) के रूप में हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, युवक को जबड़े पर गोली मारी गई, जिससे वह लहूलुहान होकर मौके पर गिर पड़ा। स्थानीय लोगों ने तत्काल उसे सोनबरसा सीएचसी पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसकी हालत गंभीर बताई और प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
दहशत में रानीगंज बाज़ार
घटना के समय रानीगंज बाजार और बैरिया कस्बे के बीच मौजूद दुकानदारों और राहगीरों में दहशत फैल गई। हमलावरों ने हथियार लहराते हुए लोगों को डराया और मौके से फरार हो गए। पुलिस के अनुसार, गोली चलने की अब तक कोई आधिकारिक शिकायत नहीं मिली है, लेकिन घटनास्थल पर पहुंचकर जांच की जा रही है।
व्यक्तिगत रंजिश की आशंका
बैरिया थाना प्रभारी राकेश कुमार सिंह ने बताया कि घटनास्थल पर पुलिस टीम भेजी गई है और मामले की हर पहलु से जांच की जा रही है। प्रारंभिक पूछताछ में व्यक्तिगत रंजिश की आशंका जताई जा रही है, हालांकि अभी कुछ कह नही सकते।







