आदिल नगर में कूड़ा फेंकने को लेकर शुरू हुई कहासुनी पड़ोसियों के जानलेवा हमले में बदली
लखनऊ। राजधानी के गुडंबा थाना क्षेत्र स्थित आदिल नगर में शुक्रवार सुबह मामूली कहासुनी एक बड़ी वारदात में बदल गई, जहां कूड़ा फेंकने को लेकर दो पक्षों के बीच हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर पड़ोसियों ने 22 वर्षीय दानिश को घर से बाहर घसीटकर बेलचे और डंडों से बेरहमी से पीट दिया। परिजन घायल दानिश को तुरंत ट्रॉमा सेंटर लेकर पहुंचे, जहाँ डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। सूचना पर एसीपी गाज़ीपुर ए. विक्रम सिंह और गुडंबा पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी। पुलिस के अनुसार दानिश का तीन माह पूर्व ही विवाह हुआ था, जबकि उसकी पत्नी इस समय मायके में रह रही है। मृतक अपने परिवार के साथ दूध बेचने का काम करता था। पुलिस टीम आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिशें दे रही है।







