मेरठ। ब्रह्मपुरी थाना क्षेत्र में पांच दिन पहले जानलेवा हमले में घायल हुए युवक की मेडिकल में उपचार के दौरान मौत हो गई। घटना से गुस्साए परिवार के लोगों ने मेडिकल में जमकर हंगामा किया। पीडि़त पत्नी ने आरोपियों के खिलाफ हत्या की तहरीर दी है।
ब्रह्मपुरी क्षेत्र की रहने वाली ज्योति ने बताया कि बीती 14 जुलाई की सुबह लगभग 7:00 बजे उसका पति पवन सरकारी सस्ते गल्ले की दुकान पर राशन लेने गया था। आरोप है कि इसी दौरान रास्ते में कुछ लोगों ने पवन पर जानलेवा हमला करते हुए लोहे की रोड से उसके सिर पर वार किया। हमले में गंभीर रूप से घायल हुए पवन को मेडिकल में भर्ती कराया गया था। उपचार के दौरान पवन की मौत हो गई। पवन की मौत के बाद परिवार के लोगों में कोहराम मच गया। पीडि़तों ने मेडिकल में हंगामा करते हुए पुलिस पर भी गंभीर आरोप लगाए। ज्योति का कहना था कि इस मामले में आरोपियों के खिलाफ नामजद तहरीर दी गई थी। लेकिन, पुलिस ने अब तक कोई कार्यवाही नहीं की।
वहीं, एक पुलिसकर्मी ने आरोपियों से सेटिंग करके मामला रफा-दफा करने की कोशिश की। घटना के बाद मौके पर पहुंचे अधिकारियों ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। इसी के साथ आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया है। बताया जाता है कि पवन परिवार में अकेला कमाने वाला था। उसके तीन छोटे-छोटे बच्चे हैं।







