लखनऊ। पारा थाना क्षेत्र के जलालपुर दौदाखेड़ा कॉलोनी में एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां दो सगी बहनों ने जहरीला पदार्थ खा लिया। परिजन उन्हें गंभीर हालत में रानी लक्ष्मीबाई अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां से डॉक्टरों ने उन्हें मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। देर रात इलाज के दौरान दोनों बहनों की मौत हो गई। एक साथ दो बेटियों की मौत से परिवार में मातम पसरा हुआ है।
पुलिस के अनुसार मृतक बहनों की पहचान राधा (25) और जिया उर्फ शानू (22) के रूप में हुई है। इंस्पेक्टर सुरेश सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों बहनें पिछले कुछ समय से मानसिक तनाव और अवसाद से गुजर रही थीं।
परिजनों ने पुलिस को बताया कि घर में पाले गए पालतू कुत्ते की तबीयत लगातार खराब रहने से दोनों बहनें बेहद परेशान थीं। इसी तनाव के चलते उन्होंने बुधवार दोपहर जहरीला पदार्थ खा लिया। हालत बिगड़ने पर उन्होंने अपनी मां को इसकी जानकारी दी, जिसके बाद परिवार ने तुरंत उन्हें अस्पताल पहुंचाया।
रानी लक्ष्मीबाई अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए डॉक्टरों ने दोनों को मेडिकल कॉलेज रेफर किया, लेकिन तमाम प्रयासों के बावजूद देर रात उनकी जान नहीं बचाई जा सकी।
घटना की सूचना मिलते ही पारा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों से पूछताछ की। दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
परिवार में माता गुलाबा देवी, पिता कैलाश चौहान और एक भाई नीरज है। बेटियों की असमय मौत से माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है। कॉलोनी में भी शोक का माहौल है और हर कोई इस घटना से स्तब्ध है।







