चमोली। थराली क्षेत्र के छैकुड़ा गांव में घरेलू विवाद एक दिल दहला देने वाले अपराध में बदल गया, जहां पत्नी की हत्या कर पति ने शव को छुपाने की कोशिश की। दर्ज हुई गुमशुदगी की सूचना ने मामले का रुख बदल दिया, जब पुलिस की पूछताछ में आरोपी पति का सच उजागर हुआ और उसकी निशानदेही पर महिला का शव बरामद किया गया।
पुलिस के अनुसार, महावीर प्रसाद देवली का अपनी पत्नी दमयंती देवी (51) से किसी बात को लेकर झगड़ा हुआ। बताया जा रहा है कि विवाद बढ़ने पर महावीर ने गुस्से में पत्थर से वार करके पत्नी की हत्या कर दी। देर रात वह शव को गांव से लगभग आधा किलोमीटर दूर एक गदेरे में ले गया और पत्थरों से ढककर घर लौट आया।
मंगलवार को मृतका का बड़ा बेटा विनय घर पहुंचा तो मां के गायब होने को लेकर पिता के बयानों में विरोधाभास दिखा। काफी तलाश के बाद भी जब दमयंती देवी का कोई पता नहीं चला तो उसने रात में नारायणबगड़ चौकी में गुमशुदगी दर्ज कराई।
बुधवार सुबह पुलिस टीम जब जांच के लिए गांव पहुंची तो महावीर प्रसाद पर संदेह गहरा गया। सख्ती से पूछताछ करने पर उसने हत्या की बात कबूल ली और पुलिस को गदेरे में दबाए गए शव तक ले गया।
थानाध्यक्ष थराली विनोद चौरसिया ने बताया कि शव का पंचनामा भर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा जा रहा है। आरोपी पति महावीर प्रसाद के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।







