गाजियाबाद। नंदग्राम इलाके में सोमवार दोपहर एक 24 वर्षीय युवक का शव उसके घर में संदिग्ध हालात में मिला। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले में परिजनों की तहरीर पर एक युवती समेत तीन लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार मृतक की पहचान हर्ष कुमार के रूप में हुई है, जो एक निजी बैंक में संविदा कर्मी के तौर पर कार्यरत था। परिवार का कहना है कि हर्ष की जान-पहचान बैंक में ही काम करने वाली एक युवती से थी और दोनों के बीच कुछ समय से बातचीत चल रही थी।
परिजनों का आरोप है कि घटना से पहले दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। मृतक के पिता ने बताया कि उनके छोटे बेटे द्वारा हर्ष की बाइक ले जाने को लेकर युवती ने आपत्ति जताई थी। कथित तौर पर इस बात को लेकर फोन पर तीखी बहस हुई थी। परिवार का कहना है कि युवक बीते कुछ समय से मानसिक तनाव में था।
मृतक के पिता ने युवती, उसके पिता और भाई पर बेटे को प्रताड़ित करने और धमकी देने का आरोप लगाया है। पुलिस ने परिजनों की शिकायत के आधार पर तीनों के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
नंदग्राम क्षेत्र के एसीपी ने बताया कि कॉल डिटेल और अन्य साक्ष्यों की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर ही दोषियों के खिलाफ कानूनी कदम उठाए जाएंगे।







