हरियाणा। एसए जैन कॉलेज रोड स्थित एक किराए के मकान में पति-पत्नी द्वारा जहरीला पदार्थ निगलने का मामला सामने आया है। इस दर्दनाक घटना में महिला की मौत हो गई, जबकि पति की हालत गंभीर बनी हुई है और उसे इलाज के लिए चंडीगढ़ सेक्टर-32 के अस्पताल में रेफर किया गया है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी गई।
जानकारी के अनुसार, राकेश कुमार पिछले करीब तीन वर्षों से अपनी पत्नी रीना और बच्चों के साथ उक्त मकान में किराए पर रह रहा था। राकेश पेशे से राजमिस्त्री है और न्यू गांव क्षेत्र में मजदूरी करता था। वीरवार को जब वह काम पर नहीं पहुंचा तो उसके साथ काम करने वाले मजदूर उसे देखने घर पहुंचे। काफी देर तक दरवाजा न खुलने पर उन्हें अनहोनी की आशंका हुई।
इस दौरान रीना की बहन और बच्चे भी मौके पर पहुंच गए। खिड़की की जाली काटकर जब परिजन अंदर दाखिल हुए तो दोनों पति-पत्नी बेहोशी की हालत में मिले। आनन-फानन में उन्हें जिला नागरिक अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने महिला को मृत घोषित कर दिया। वहीं, गंभीर हालत को देखते हुए राकेश कुमार को चंडीगढ़ रेफर किया गया।
पुलिस चौकी नंबर-दो प्रभारी कुलदीप सिंह ने बताया कि मौके से कोई सुसाइड नोट या जहरीला पदार्थ बरामद नहीं हुआ है। फिलहाल मृतका के पति की स्थिति बयान देने लायक नहीं है। उसके बयान के बाद ही घटना के कारणों का खुलासा हो सकेगा। पुलिस ने महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला नागरिक अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया है और मामले की जांच जारी है।







