मंडी। बग्गी क्षेत्र में चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। रविवार देर रात सलवाहन पंचायत में बीबीएमबी नहर पर बने पाली फुट ब्रिज के पास चोरों ने रेलिंग (क्रैश बैरियर) चोरी करने का प्रयास किया। हालांकि ग्रामीणों की सतर्कता के चलते चोर अपने मंसूबों में कामयाब नहीं हो सके और मौके से भाग खड़े हुए।
जानकारी के अनुसार, देर रात करीब डेढ़ बजे कुछ संदिग्ध लोग फुट ब्रिज की रेलिंग को काटकर ले जाने की कोशिश कर रहे थे। इसी दौरान आसपास के लोगों को आहट हुई। जब ग्रामीण मौके पर पहुंचे और शोर मचाया तो चोर घबरा गए और काटे गए लोहे के एंगल वहीं छोड़कर फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलने पर बीबीएमबी प्रबंधन की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। टीम ने चोरों द्वारा काटे गए लोहे के एंगल को अपने कब्जे में लेकर मामले की जानकारी उच्च अधिकारियों को दे दी है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि बीते दो महीनों में क्षेत्र में चोरी की यह तीसरी घटना है, जिससे ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। इससे पहले चोर बीबीएमबी की ओर से नहर किनारे लगाई गई सोलर लाइटें भी चोरी कर चुके हैं। इसके अलावा पिछले महीने फुट ब्रिज के ऊपर से गुजर रही जल शक्ति विभाग की पाइपलाइन को भी उखाड़कर ले जाया गया था।
ग्रामीण खूब राम, जगदीश, केशव, नेहा, चमारू, श्याम लाल, रोशन लाल और जीवन ने बताया कि पिछले कुछ समय से क्षेत्र में चोर गिरोह सक्रिय है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि नहर के आसपास रात के समय नियमित गश्त बढ़ाई जाए ताकि चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके।







