राजस्थान। जालौर ज़िले के सांचौर थाना क्षेत्र में शनिवार को एक दर्दनाक घटना ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया। कालूपुरा पुर गांव में एक व्यक्ति ने घरेलू विवाद के चलते अपनी पत्नी की हत्या कर खुद भी जान दे दी। पति ने पहले पत्नी के सिर पर हथौड़े से वार कर उसकी जान ले ली और फिर पानी के टांके में कूदकर आत्महत्या कर ली।
घटना की जानकारी उस वक्त हुई जब दंपति का बेटा घर लौटा और उसने अपनी मां को खून से लथपथ हालत में पड़ा देखा। घबराए बेटे ने जब पिता की तलाश की तो वह टांके में मृत मिला। बेटे की चीखें सुनकर पड़ोसी मौके पर पहुंचे और तुरंत पुलिस को सूचना दी।
सूचना पर सांचौर पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सरकारी अस्पताल भेज दिया। मौके पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आवड़दान चारण और डीएसपी जयराम मुंडेल भी पहुंचे।
पुलिस के मुताबिक, मृतक वाघाराम बिश्नोई की मानसिक स्थिति कुछ समय से ठीक नहीं थी। कुछ दिन पहले भी उसने आत्महत्या का प्रयास किया था, लेकिन तब परिजन उसे बचा ले गए थे। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि पति-पत्नी के बीच किसी तरह का तनाव या विवाद तो नहीं चल रहा था।
गांव में इस दर्दनाक घटना के बाद शोक और सन्नाटा पसरा हुआ है।







