नई दिल्ली – पश्चिमी दिल्ली के तिलक नगर क्षेत्र में किशोरों के बीच हुआ मामूली विवाद जानलेवा साबित हो गया। क्रिकेट खेलने के दौरान शुरू हुई कहासुनी ने हिंसक रूप ले लिया, जिसमें 15 वर्षीय किशोर की मौत हो गई। मृतक की पहचान निशांत के रूप में हुई है। पुलिस ने इस मामले में तीन नाबालिगों को हिरासत में लिया है।
पुलिस के अनुसार, सोमवार शाम इलाके के एक पार्क में कुछ बच्चे क्रिकेट खेल रहे थे। इसी दौरान पहले बल्लेबाजी को लेकर दो किशोरों के बीच विवाद हो गया। झगड़े के बाद सभी अपने-अपने घर लौट गए, लेकिन मामला यहीं शांत नहीं हुआ। आरोप है कि 12 वर्षीय किशोर ने अपने 17 वर्षीय चचेरे भाई और एक अन्य साथी के साथ मिलकर निशांत को बातचीत के बहाने बुलाया। बाद में तीनों ने उसकी पिटाई कर दी।
परिजनों का कहना है कि उन्हें कुछ देर बाद सूचना मिली कि निशांत पास के इलाके में अचेत अवस्था में पड़ा है। परिवार वाले तुरंत उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। प्रारंभिक जांच में सिर और गर्दन पर गंभीर चोट के निशान पाए गए हैं, जिससे अंदेशा है कि मारपीट के दौरान लगी चोटें जानलेवा साबित हुईं।
सूचना मिलते ही पुलिस अस्पताल पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के बाद संदिग्ध किशोरों की पहचान की गई। पूछताछ में आरोपियों ने मारपीट की बात स्वीकार की है। तीनों नाबालिगों को बाल न्याय अधिनियम के तहत कार्रवाई के लिए संबंधित बोर्ड के समक्ष पेश किया जाएगा।
घटना के बाद परिजन और स्थानीय लोग आक्रोशित हो गए। उन्होंने थाने पहुंचकर न्याय की मांग की और पुलिस पर लापरवाही के आरोप लगाए। हालांकि पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर कार्रवाई की जाएगी। इलाके में एहतियातन पुलिस बल तैनात किया गया है।







