हमले में चार की हालत नाजुक, रेफर किए गए
उत्तर प्रदेश। सीतापुर के पिसावां थाना क्षेत्र के दिलावलपुर गांव में मामूली कहासुनी ने मंगलवार सुबह खूनी टकराव का रूप ले लिया। खेत में घूर (कूड़ा) डालने को लेकर शुरू हुआ झगड़ा अचानक मारपीट में बदल गया। आरोप है कि गांव के ही कुछ लोगों ने लाठी-डंडों और नुकीले हथियारों से हमला कर दिया। इस हिंसा में 14 साल की चंद्रप्रभा सहित कुल छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल भिजवाया। डॉक्टरों ने चंद्रप्रभा को मृत घोषित कर दिया। चार लोगों की हालत गंभीर होने पर उन्हें बड़े अस्पताल के लिए रेफर किया गया है।
परिवार का आरोप है कि तारा और उसके साथियों ने जमीन पर घूर डालने को लेकर पहले धमकी दी और बाद में हमला कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। पीड़ित पक्ष की तहरीर पर तारा, विजय बहादुर, जोगेंद्र, वित्तन, सतेंद्र, रामदयाल और प्रीती के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।







