पंजाब। अमृतसर के फतेहगढ़-चूड़ियां रोड क्षेत्र में एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां 19 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। युवक का शव उसके किराये के कमरे में पाया गया। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भिजवाया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।
मृतक की पहचान सत्यम के रूप में हुई है, जो मूल रूप से बिहार का रहने वाला था और अपने परिवार के साथ बाबा दीप सिंह कॉलोनी में रह रहा था। परिजनों के अनुसार, सत्यम मेडिकल की पढ़ाई कर रहा था और पढ़ाई के साथ-साथ मजदूरी कर परिवार की आर्थिक मदद भी करता था। कुछ दिन पहले वह अपने पिता की जगह काम पर गया था, जहां उस पर चोरी का आरोप लगाया गया।
परिवार का कहना है कि बिना किसी ठोस सबूत के उस पर आरोप लगाए गए और इस संबंध में शिकायत भी दर्ज कराई गई, जिससे सत्यम मानसिक रूप से काफी परेशान रहने लगा था। परिजनों ने बताया कि बदनामी और मानसिक दबाव के कारण वह टूट गया था। उनका आरोप है कि मानसिक प्रताड़ना और अपमान ने उसे यह कदम उठाने के लिए मजबूर कर दिया।
परिजनों ने प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। वहीं, पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी।







