अलीगढ़। मानसिक रूप से बीमार महिला पर भूत प्रेत की बाधा बताकर तांत्रिक उसे रात भर पीटते रहे। शराब पिलाने की भी कोशिश की गई। जब वीडियो वायरल हुआ तो हल्ला मचा। महिला मुरादाबाद की बताई जा रही है। वायरल वीडियो के आधार पर पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। वहीं, महिला को वन स्टॉप सेंटर में भिजवा दिया गया है। दरअसल, हरदुआगंज के जलाली चौकी क्षेत्र के गांव उकराना के जंगल में हुई इस घटना का वीडियो वायरल हो रहा है। जिसमें कुछ लोग भूत-प्रेत के नाम पर एक महिला संग बदसलूकी करते हुए उसे शराब पिलाने तक का प्रयास कर रहे हैं। दो दिन पुरानी इस घटना का वीडियो वायरल होने पर पुलिस ने मंगलवार को मुकदमा दर्ज कर लिया है।
वायरल वीडियो व आसपास के ग्रामीणों के अनुसार ये घटनाक्रम 4 अगस्त शाम का है। एक महिला को गांव उकराना के ही रहने वाले चार-पांच युवक एकांत में जंगल में घेरे बैठे हैं। करीब 40-45 वर्षीय महिला से जबरदस्त बदसलूकी की जा रही है और उसे शराब पिलाने तक का प्रयास हो रहा है। सभी आरोपी खुद नशे में हैं। 5 अगस्त सुबह महिला के संबंध में एक ग्रामीण ने पहले 100 नंबर व ग्राम प्रधान ने जलाली चौकी के दरोगा को सूचना दी। मगर पुलिस स्तर से दोनों सूचनाओं को नजरंदाज कर दिया गया। इसके बाद रात होते-होते वीडियो वायरल होने लगा।
तब पड़ोसी गांव के प्रधान ने कोतवाल को खबर दी। इस खबर पर पुलिस हरकत में आई और महिला को थाने लाया गया। मंगलवार को वीडियो जब सोशल मीडिया पर जबरदस्त तरीके से वायरल हुआ तो मामला अधिकारियों तक पहुंचा। तब जाकर मंगलवार दोपहर मामले में मारपीट व छेड़खानी की धारा में वीडियो में पहचाने जा रहे सोनू निवासी उकराना व उसके साथ चार-पांच लोगों पर मुकदमा दर्ज किया गया। महिला को मेडिकल परीक्षण आदि प्रक्रिया के लिए वन स्टॉप सेंटर भेजा गया है।







