दंपति अपने बच्चों के साथ सुल्तानपुरी के एफ ब्लॉक में रहते हैं। बृहस्पतिवार देर रात पुलिस को संजय गांधी अस्पताल से सूचना मिली कि एक दंपती को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। महिला पर उसके पति ने कैंची से हमला किया है और खुद भी तेजाब पी लिया है। सूचना मिलते ही पुलिस अस्पताल पहुंची। जहां गंगा का इलाज चल रहा था।उसके पेट, हाथ और पैर में घाव थे। जबकि उसके पति जोगिंदर की तबीयत बिगड़ने पर डॉक्टरों ने उसे राम मनोहर लोहिया अस्पताल में रेफर कर दिया।
महिला बयान देने की हालत में नहीं थी। अस्पताल में महिला की बेटी शिवानी मौजूद थी। जिसने अपने बयान में बताया कि वह एफ ब्लॉक सुल्तानपुरी में रहती है। परिवार में माता-पिता के अलावा तीन बहनें और एक भाई है। बड़ी बहन की शादी हो चुकी है। वह दूसरे नंबर की है। उसने बताया कि वह नांगलोई स्थित एक कंपनी में टेली कॉलर का काम करती है। उसके पिता कोई काम नहीं करते हैं और मां एक फैक्टरी में काम करती है।शिवानी ने पुलिस को बताया कि उसके पिता शराब पीने के आदी हैं। वह शराब पीने के बाद अक्सर उसकी मां के साथ मारपीट करते थे। बृहस्पतिवार रात नौ बजे उसकी मां फैक्टरी से काम करके घर आईं। कुछ देर बाद उसके पिता भी आ गए। उनकी तबीयत ठीक नहीं थी। उसकी मां ने उन्हें डॉक्टर के पास जाने के लिए कहा। इस बात पर उनके बीच बहस होने लगी। एक कमरा होने की वजह से परिवार के सभी सदस्य खाना खाने के बाद सो गए।
देर रात करीब 1.20 बजे शोर शराबा सुनकर शिवानी की नींद खुल गई। उसने देखा कि कमरे की लाइट जल रही है। उसके पिता मां से कह रहे थे कि मेरी बात नहीं मानी तो तुम्हारी हत्या कर दूंगा। उसके बाद उन्होंने कैंची लेकर उसकी मां के पेट में घोंप दी और फिर उनके हाथ पैर पर कैंची से वार करने लगे। शिवानी ने अपनी मां को बचाया।







